बेंगलुरु के जिगनी में श्री आई माताजी मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव 6 फरवरी को, दीवान साहब की गरिमामयी उपस्थिति में होगा आयोजन

बेंगलुरु (जिगनी): कर्नाटक की पावन धरा और मार्बल-ग्रेनाइट नगरी के रूप में विख्यात जिगनी में सीरवी समाज जिगनी द्वारा एक भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। जिगनी वासियों के अथक परिश्रम और अटूट समर्पण से नवनिर्मित श्री आई माताजी मंदिर (बडेर) का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आगामी 6 फरवरी 2026 को अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। इस भव्य महोत्सव के अंतर्गत श्री आई माताजी की पाट स्थापना और अखंड ज्योत प्रज्जवलन किया जाएगा। साथ ही, मंदिर परिसर में केसरदात्री माँ श्री आईमाताजी के स्वरूप शेरोवाली माँ दुर्गा, प्रथम पूज्य श्री गणेश जी, श्री राधाकृष्ण, महादेव जी, श्री हनुमान जी, श्री शीतला माताजी एवं श्री काला गोरा भैरवनाथ जी की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न होगी।

यह मांगलिक आयोजन विक्रम संवत 2082 (फाल्गुन वदी पंचमी), शुक्रवार को श्री आईपंथ के परम पूजनीय धर्मगुरु दीवान साहब श्री माधवसिंह जी के कर-कमलों द्वारा संपन्न होगा। इस अवसर पर श्री महेन्द्र बाबाजी तथा उनकी बाबा मंडली का पावन सान्निध्य और आशीर्वाद भी भक्तों को प्राप्त होगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मनिष्ठ महानुभावों, इष्ट-मित्रों और श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित किया है। उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन और संतों के प्रवचनों की अमृत वर्षा होगी। सीरवी समाज जिगनी ने समस्त भक्तों से इस भव्य महोत्सव में पधारकर दर्शन लाभ लेने और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का विनम्र आग्रह किया है।

प्रस्तुति: मनोहर सीरवी (लखावत)

Recent Posts