सीरवी बिजनेस एक्सपो को सफल बनाने के लिए समाज हुआ एकजुट

तन, मन और धन से सहयोग कर समाज के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें – अमरचंद सानपुरा

तुमकुर। सीरवी समाज महासभा कर्नाटक के तत्वावधान एवं सीरवी समाज ट्रस्ट तुमकुर के सहयोग से आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित “सीरवी बिजनेस एक्सपो” की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज के पदाधिकारियों, ट्रस्टियों, नवयुवक मंडल, महिला मंडल एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक में सीरवी बिजनेस एक्सपो के प्लेटिनम पार्टनर हेमराज सेंचा (एमडी, वाहिनी पाइप्स) एवं राकेश राठौड़ (एमडी, महाराजा वायर्स) विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों उद्योगपतियों ने एक्सपो की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्रदान किए।

इस अवसर पर आयोजन की विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने विचार एवं सुझाव रखकर कार्यक्रम को भव्य, व्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सीरवी समाज महासभा कर्नाटक के महासचिव अमरचंद सानपुरा ने समाजबंधुओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि यह एक्सपो केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के आर्थिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने सभी समाजजनों से आह्वान किया कि वे तन, मन और धन से जुड़कर समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।

प्लेटिनम पार्टनर हेमराज सेंचा ने भी आयोजन को पूर्ण सहयोग देने की भावना व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की प्रगति एवं युवाओं को व्यापार और उद्योग से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन समय की आवश्यकता हैं। वहीं पूर्व सचिव रतनलाल सेंचा ने आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण समर्पण और पवित्र भावना से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक में महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष चर्चा हुई। महिला मंडल की अध्यक्ष एवं सचिवों ने महिलाओं की भागीदारी, स्वरोजगार, नेतृत्व विकास और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे तथा एक्सपो में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

बैठक में सह सचिव शेराराम अगलेचा, तुमकुर अध्यक्ष जोगाराम सेफटा, सचिव मंगलाराम काग, पूर्व सचिव रतनलाल सेंचा, ट्रस्टीगण, नवयुवक मंडल, महिला मंडल के सदस्य एवं समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि सीरवी बिजनेस एक्सपो को समाज के इतिहास का सबसे सफल, प्रेरणादायक एवं गौरवशाली आयोजन बनाया जाएगा, जिससे समाज के व्यापार, उद्योग, रोजगार और आपसी सहयोग को नई दिशा एवं नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।

Recent Posts